जामताड़ा में कांवड़ियों पर भीड़ का हमला, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाई श्रद्धालुओं की जान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 अगस्त जामताड़ा। देवघर और बासुकिनाथ धाम में जलाभिषेक कर छत्तीसगढ़ लौट रहे आठ कांवड़ियों के साथ जामताड़ा थाना क्षेत्र के चैंगगायडीह गांव के समीप शुक्रवार शाम कथित तौर पर मारपीट और पथराव की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि करीब 200 लोगों की भीड़ ने श्रद्धालुओं की दोनों गाड़ियों को घेर लिया और उन पर ईंट-पत्थर व चप्पलों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस की तत्परता से सभी कांवड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र निवासी कांवड़िया योगेंद्र सिंह ठाकुर के अनुसार, वे आठ लोग दो वाहनों से वापस लौट रहे थे। चैंगगायडीह के पास सड़क से गुजरने के दौरान किसी व्यक्ति पर वाहन से पानी के छींटे पड़ गए। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।आरोप है कि भीड़ ने कांवड़ियों की स्विफ्ट डिजायर कार को घेरकर हमला कर दिया। पथराव में वाहन के आगे और पीछे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान रवींद्र सोनी नामक श्रद्धालु के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है। स्थिति बिगड़ती देख सभी कांवड़िया वाहन छोड़कर पास के एक घर में जाकर छिप गए।घबराए श्रद्धालुओं ने इंटरनेट के माध्यम से जामताड़ा थाना का संपर्क नंबर तलाशा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सभी कांवड़ियों को सुरक्षित थाने ले आया।घटना की सूचना के बाद एसडीओ और एसडीपीओ भी जामताड़ा थाना पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *