अंडाल एयरपोर्ट से टीएमसी नेता प्रेमपाल सिंह गिरफ्तार, अवैध बालू कारोबार मामले में पुलिस की कार्रवाई

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 अगस्त आसनसोल। पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल विधायक हरेराम सिंह के पुत्र एवं तृणमूल कांग्रेस नेता प्रेमपाल सिंह को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट से उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रेमपाल सिंह के खिलाफ अवैध बालू कारोबार से जुड़े एक मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि उन्हें लंबे समय से तलाशा जा रहा था। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद 4 मई से ही प्रेमपाल सिंह पुलिस की पकड़ से बाहर थे। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में अंडाल एयरपोर्ट पर उनकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और उन्हें पकड़ लिया गया।इससे पहले जामुड़िया थाना पुलिस ने प्रेमपाल सिंह के आवास और कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। पुलिस सूत्रों ने दावा किया था कि इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए थे। हालांकि, इन बरामदगी और उससे जुड़े आरोपों पर विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस का दावा है कि अंडाल एयरपोर्ट से निकलने अथवा वहां से फरार होने की कोशिश के दौरान प्रेमपाल सिंह को पकड़ा गया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस अपने साथ ले गई।प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर प्रेमपाल सिंह या उनके परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *