स्वतंत्रता दिवस पर डाबर कोलियरी में काम ठप, छुट्टी रद्द करने के विरोध में मजदूरों का जोरदार प्रदर्शन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 15 अगस्त सालानपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल की डाबर कोलियरी में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन से माहौल गरमा गया। रविवार और राष्ट्रीय अवकाश की छुट्टी रद्द किए जाने के विरोध में सुबह करीब छह बजे से श्रमिकों ने काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण कोलियरी में उत्पादन समेत अन्य गतिविधियां प्रभावित रहीं।श्रमिकों का आरोप है कि कोलियरी में पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद प्रबंधन ने रविवार और राष्ट्रीय अवकाश के दिनों की छुट्टियां समाप्त करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी छुट्टी के बदले मिलने वाली राशि नहीं दिए जाने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ी है।आंदोलनकारी श्रमिकों के मुताबिक, प्रबंधन ने एक दिन पहले नोटिस जारी कर कुछ कार्यों को ‘आपातकालीन आधार’ पर संचालित करने की बात कही थी। श्रमिकों का दावा है कि आपातकालीन सेवाओं के नाम पर डोजर और लोडिंग जैसे कार्यों में भी कुछ कर्मचारियों को ड्यूटी दी गई, जबकि उत्पादन से जुड़े कई श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। इसे लेकर श्रमिकों ने प्रबंधन पर भेदभाव का आरोप लगाया।प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने कोलियरी के मैनेजर और पीएम को घेरकर अपनी मांगें रखीं। सीआईटीयू और एआईटीयूसी के बैनर तले चल रहे आंदोलन में श्रमिक नेताओं ने कोलियरी के भविष्य और संभावित निजीकरण को लेकर भी चिंता जताई।सीएमएस एआईटीयूसी के उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, सीआईटीयू प्रतिनिधि दिलीप कोड़ा ने चेतावनी दी कि प्रबंधन ने सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।इधर, पूरे मामले पर कोलियरी प्रबंधन या किसी उच्चाधिकारी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *