न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त रूपनारायणपुर। हिंदुस्तान केबल्स रूपनारायणपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की संपूर्ण प्रस्तुति से हुई। इसकी ओजपूर्ण धुन ने समारोह में मौजूद हजारों लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना भर दी।इसके बाद समारोह के मुख्य अतिथि एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. अनाथ बंधु चट्टोपाध्याय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम सिंह, लायंस क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन रमेश कुमार पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष चिन्मय तिवारी, एनसीसी नायब, एलएमसी सदस्य अरिंदम चटर्जी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।ध्वजारोहण के इस गौरवपूर्ण अवसर को विद्यालय प्रबंधन ने विशेष बनाया। प्राचार्या डॉ. पूनम सिंह ने विद्यालय के सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी की दो महिला कर्मचारियों सहित पूर्व कर्मचारियों को समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की सामूहिक प्रस्तुति हुई।विद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों ने तिरंगे को सलामी दी तथा मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। प्राचार्या ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के उद्देश्य और महत्व पर विचार रखे।मुख्य अतिथि डॉ. चट्टोपाध्याय ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है। देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाना, समृद्ध बनाना और उसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का मूल कर्तव्य है।समारोह के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देवांशु दास और राजर्षि राय के निर्देशन में मंचित नाटक ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। बारिश की आशंका और उमस भरी गर्मी के बावजूद उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
बंदे मातरम् की गूंज से गूंजा डीएवी परिसर, भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

