न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में ‘वंदे मातरम्’ गीत को लेकर उठे विवाद के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जामताड़ा के मां चंचला चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान की बात कही।भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश की स्वतंत्रता आंदोलन की भावना और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा गीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान गीत के गायन को रोकने का संकेत दिया गया, जो राष्ट्रगीत के सम्मान के विरुद्ध है। इसी के विरोध में पुतला दहन किया गया।प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ किसी राजनीतिक दल का गीत नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रीय भावना से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्र और संविधान से जुड़े प्रतीकों के प्रति कथित रूप से असम्मानजनक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि देश के नागरिक ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का रवैया राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान की भावना के अनुरूप नहीं रहा।भाजपा नेता संतन मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता और राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। उन्होंने कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए और इसे पार्टी की कथित देशविरोधी मानसिकता से जोड़कर देखा।कार्यक्रम में भाजपा नेता नित्य गोपाल सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, अंजनी तिवारी, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, शुभम साव, अरिजीत मिश्रा, उदय मंडल और संतोष राणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘वंदे मातरम्’ विवाद पर भाजपा युवा मोर्चा का आक्रोश, जामताड़ा में कांग्रेस का पुतला दहन

