न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त चित्तरंजन। चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के कस्तूरबा गांधी अस्पताल में भर्ती मरीजों को कथित तौर पर घटिया एवं बासी खाना परोसे जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मरीजों और उनके परिजनों की ओर से अस्पताल में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। वीडियो में खाने से दुर्गंध आने और भोजन के बासी होने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर अस्पताल के मरीजों एवं परिजनों में नाराजगी की बात कही जा रही है।मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जन सेवा पार्टी के संयोजक राकेश लाल ने चिरेका प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि कस्तूरबा गांधी अस्पताल में इलाजरत कई मरीज अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मरीजों को ऐसा खाना दिया जा रहा है, जिससे बदबू आती है और जो बासी प्रतीत होता है।राकेश लाल ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही बीमारी से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में उन्हें पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के बजाय कथित रूप से खराब भोजन दिया जाना मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी केवल ठेकेदार पर डालकर चिरेका प्रशासन अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकता।उन्होंने चिरेका के महाप्रबंधक से पूरे मामले की तत्काल जांच कराने, भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। राकेश लाल ने आरोप लगाया कि यदि भोजन की आपूर्ति के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना सुनिश्चित करना अधिकारियों की भी जिम्मेदारी है। इसमें सिर्फ ठेकेदार ही दोषी नहीं है बल्कि संबंधित अधिकारी भी उतना ही दोषी है। सिर्फ कमीशनखोरी का खेल चल रहा है उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर यह भी आरोप लगाते हुए कहा कि मरीजों के जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की दिशा में तत्काल कदम नहीं उठाया गया, तो जन सेवा पार्टी चिरेका महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी।हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। चिरेका प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
कस्तूरबा गांधी अस्पताल में मरीजों को कथित तौर पर बदबूदार खाना परोसने का आरोप, जन सेवा पार्टी ने अधिकारियों पर कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए जांच की उठाई मांग

