‘वंदे मातरम्’ को लेकर आसनसोल में सियासी घमासान, भाजपा के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 17 अगस्त आसनसोल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर आसनसोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ नहीं गाए जाने के आरोप को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसके कुछ घंटे बाद आसनसोल स्थित कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की शिकायत सामने आने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया।भाजपा युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का गायन नहीं किया गया। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने आसनसोल में मशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पुतले भी जलाए गए।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा मोर्चा के एक नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी देश में रहकर विदेशी शक्तियों के हित में काम कर रही है और लगातार राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों का विरोध करती रही है।वहीं, देर रात आसनसोल कांग्रेस कार्यालय में कथित हमले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा समर्थित लोगों ने कार्यालय में घुसकर राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीरों के साथ पार्टी का बोर्ड एवं झंडा जला दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा राजनीतिक रूप से कांग्रेस से भयभीत है और इसी कारण इस तरह की राजनीति की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *