न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 अगस्त जामताड़ा। पंचायत स्तर पर ग्रामीण समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर सोमवार को लाधना पंचायत भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्था के सदस्यों और ग्रामीण स्तर से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।बैठक में चंद्रदिपा पंचायत की मुखिया देवीसन हांसदा, लाधना पंचायत की मुखिया पार्वती सोरेन और बेवा पंचायत की मुखिया तारामणी मरांडी के अलावा विभिन्न वार्ड सदस्य एवं ग्राम माझी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों की समस्याओं, ग्रामीणों की जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा।ओंकार सेवा संस्थान की ओर से ट्रेनर सौरव अली के साथ संतोष पाल, स्वप्न राय, सुचिंद्र भगत, अनिल मुर्मू, गौरव सिंह, शांति किस्कू और सोनाली बाउरी ने बैठक में भाग लिया।चर्चा के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, सरकारी सुविधाओं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने तथा लाभ मिलने में आने वाली दिक्कतों को पंचायत स्तर पर चिन्हित कर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराने की बात कही गई।बैठक में ग्राम सभा को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने तथा निर्णय प्रक्रिया में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत, प्रशासन और समुदाय के बीच मजबूत तालमेल से ही योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।ओंकार सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करने के लिए समुदाय के साथ मिलकर कार्य कर रही है।बैठक के समापन पर जनप्रतिनिधियों एवं संस्था के सदस्यों ने ग्रामीण हित से जुड़े कार्यों में आपसी सहयोग और समन्वय आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।
पंचायत स्तर पर विकास को मिलेगी नई रफ्तार, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संस्था ने बनाई समन्वय की रणनीति

