24 वर्षों की साधना को मिला मुकाम, मिहिजाम की पल्लवी रॉय को भरतनाट्यम में दूरदर्शन का ग्रेड-बी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 19 अगस्त मिहिजाम। कला के क्षेत्र में निरंतर साधना और समर्पण ने मिहिजाम की प्रतिभाशाली भरतनाट्यम नृत्यांगना पल्लवी रॉय को एक बड़ी उपलब्धि दिलाई है। आम बागान कालीमंदिर क्षेत्र निवासी पल्लवी को प्रसार भारती, दूरदर्शन रांची के केंद्रीय नृत्य ऑडिशन बोर्ड की ओर से भरतनाट्यम नृत्य शैली में ग्रेड-बी प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पल्लवी रॉय ने अपनी उपलब्धि की जानकारी साझा की। इस दौरान उनके पिता सोमनाथ रॉय भी मौजूद रहे। पल्लवी ने बताया कि 6 मई 2026 को रांची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नृत्य ऑडिशन बोर्ड की ओर से उनका मूल्यांकन किया गया था। इसके बाद उन्हें भरतनाट्यम में ग्रेड-बी प्रदान किया गया। इसका प्रमाण पत्र उन्हें डाक के माध्यम से 18 अगस्त को अपने आवास पर प्राप्त हुआ।प्राप्त प्रमाण पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवश्यकता के अनुसार पल्लवी को दूरदर्शन के कार्यक्रमों में भरतनाट्यम की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जा सकता है। इसे वह अपने कला जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानती हैं।पल्लवी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2002 में भरतनाट्यम सीखने की शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक करीब 24 वर्षों की यात्रा में उन्होंने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम को अपनी साधना का हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि ग्रेड-बी हासिल करना उनके साथ-साथ उनके पिता के लंबे समय से देखे जा रहे सपने का भी पूरा होना है।अपनी सफलता का श्रेय पल्लवी ने माता-पिता और गुरु को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और गुरु के मार्गदर्शन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।नृत्य सीख रही युवतियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिभा के साथ मेहनत, लगन, धैर्य और त्याग जरूरी है। लक्ष्य के प्रति लगातार प्रयास किया जाए तो कठिन से कठिन सपना भी हकीकत बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *