न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 19 अगस्त चित्तरंजन। चित्तरंजन रेलवे मेन्स कांग्रेस (CRMC) एवं NFIR/INTUC के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) के महाप्रबंधक से मुलाकात कर कर्मचारियों की सुविधाओं, कार्यस्थल की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन से ठोस और समयबद्ध कार्रवाई की मांग रखी।बैठक में सबसे प्रमुख मांग ग्रुप इंसेंटिव स्कीम को CLW में लागू करने की रही। संगठन ने कहा कि RCF, RWF और DMW में लागू इस व्यवस्था को रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप CLW में भी लागू किया जाए। साथ ही CLW के डानकुनी स्थित DLW के कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने की मांग की गई।प्रतिनिधिमंडल ने ड्यूटी के दौरान 23 जुलाई को दिवंगत हुए सीनियर टेक्नीशियन नीलाद्रि दास राय के मामले में निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग उठाई। संगठन ने मृतक के परिवार को नियमानुसार अनुग्रह राशि सहित सभी वैध सेवा एवं सेटलमेंट लाभ जल्द उपलब्ध कराने की अपील की।इसके अलावा CLW टाउनशिप में लगातार बिजली कटौती और लंबित विद्युत रखरखाव कार्यों पर भी चिंता जताई गई। टाउनशिप में ABC की स्थापना तथा वर्कशॉप के लिए हाई-पावर जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग दोहराई गई।संगठन ने पात्र सेवानिवृत्त रेलकर्मियों, दुकानदारों, एक्ट अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं और CLW के कार्यों से जुड़े संविदाकर्मियों के लिए खाली रेलवे क्वार्टरों के उचित उपयोग की नीति बनाने की मांग की। बंद स्टील फाउंड्री सहित खाली परिसंपत्तियों के उत्पादक एवं जनकल्याणकारी उपयोग पर भी जोर दिया गया।इसके साथ ही सिविल इंजीनियरिंग और स्टोर्स विभाग के पर्यवेक्षकीय कर्मचारियों के निलंबन मामलों की सहानुभूतिपूर्वक समीक्षा कर आदेश वापस लेने, डानकुनी के DLW में स्वच्छ पेयजल तथा महिला कर्मचारियों के लिए लेडीज कॉमन रूम उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा।
चिरेका कर्मचारियों के मुद्दों पर सीआरएमसी ने जीएम से की मुलाकात, सात मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई की मांग

