न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 अगस्त कुल्टी। लगातार बारिश के बीच सियारामपुर इलाके में नदी के तेज बहाव में बह गए युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान आमिर गियास के रूप में हुई है। वह कुल्टी थाना क्षेत्र के सियारामपुर का रहने वाला था। हादसे के बाद से उसकी स्कूटी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।स्थानीय लोगों के अनुसार, आमिर 17 अगस्त की रात काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहा था। वह राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से सियारामपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले एक पुल से गुजरते समय नदी में तेज पानी का बहाव था। आशंका जताई जा रही है कि पानी के तेज दबाव के कारण वह स्कूटी समेत नदी में बह गया।घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने नदी में रबर बोट उतारकर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। नदी का जलस्तर और तेज धारा राहत एवं बचाव कार्य में बाधा बन रही थी। 18 अगस्त की शाम तक लगातार खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला।बुधवार सुबह सियारामपुर के मास्टरपाड़ा से सटे नदी किनारे स्थानीय लोगों की नजर एक शव पर पड़ी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने शव की पहचान आमिर गियास के रूप में की है। हालांकि दुर्घटना में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी अभी भी लापता है। पुलिस नदी के आसपास के इलाकों में वाहन की तलाश कर रही है।घटना को लेकर कुल्टी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसा वास्तव में किस परिस्थिति में हुआ, इसका पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
उफनती नदी में बहा युवक, दूसरे दिन मिला शव; सियारामपुर से लापता स्कूटी का सुराग नहीं

