न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 अगस्त मिहिजाम। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के जुलाई सत्र 2026 में नामांकन की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन फ्रेश एडमिशन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।जनजातीय डिग्री कॉलेज, मिहिजाम स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र संख्या 87017 की कॉर्डिनेटर डॉ. पूनम कुमारी ने सक्षम पदाधिकारी के निर्देश के बाद इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जुलाई सत्र के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर उपलब्ध है। नामांकन ऑनलाइन तथा ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग माध्यम से किया जा सकता है।इग्नू में पढ़ाई करने के इच्छुक छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नामांकन अथवा री-रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य परेशानी होने पर इग्नू के आधिकारिक माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बीए (पास), बीकॉम (पास) और बीएससी (पास) पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर विशेष छूट का प्रावधान है।इसी क्रम में इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के बीच नामांकन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अध्ययन केंद्र के सहायक समन्वयक संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और अंतिम तिथि की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर नवल किशोर सिंह, उपेंद्र कुमार पांडेय, कुमारी रेखा शर्मा समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।अध्ययन केंद्र की ओर से विद्यार्थियों से समय रहते नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। विशेष जानकारी के लिए कार्य दिवस में इग्नू अध्ययन केंद्र 87017 से संपर्क किया जा सकता है।
इग्नू जुलाई सत्र में नामांकन की तारीख फिर बढ़ी, 31 अगस्त तक मिलेगा मौका

