आठ साल सेवा के बाद बाहर का रास्ता? कल्याणेश्वरी PHE प्लांट पर पुराने कर्मियों का प्रदर्शन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त कल्याणेश्वरी। कल्याणेश्वरी स्थित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHE) के ‘प्राणधारा’ पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर प्लांट के मुख्य द्वार पर पुराने कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों तक कम मानदेय पर काम लेने के बाद उन्हें बकाया भुगतान किए बिना हटा दिया गया और उनकी जगह बाहरी लोगों को काम पर रखा गया।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सम्राट हाड़ी ने बताया कि उनके साथ विष्णु दास, मिलन प्रधान, किशन हाड़ी और दीपक बाउरी करीब आठ वर्षों से प्लांट में कार्यरत थे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें महज 1500 से 2000 रुपये मासिक भुगतान मिलता था। आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ साल से उनका भुगतान रोक दिया गया और बाद में नौकरी से भी हटा दिया गया।सम्राट हाड़ी के अनुसार, पूर्व में PHE अधिकारियों और इंजीनियर की मौजूदगी में चौरंगी फाड़ी प्रभारी के समक्ष आश्वासन दिया गया था कि कम से कम तीन पुराने कर्मचारियों को काम पर रखा जाएगा। निर्णय होने तक प्लांट बंद रखने की बात भी कही गई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इसके बावजूद प्लांट दोबारा शुरू कर दिया गया और पुराने कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया।कर्मचारियों ने दावा किया कि प्लांट वार्ड 16 क्षेत्र में होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला। उनका आरोप है कि रामनगर, देवीपुर, कुल्टी और वार्ड 66 समेत अन्य क्षेत्रों के 11 लोगों को नियुक्त किया गया।हंगामे की सूचना पर कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।PHE मैकेनिकल डिवीजन, आसनसोल के सहायक अभियंता अनुपम साहा ने कहा कि प्लांट एक निजी एजेंसी के माध्यम से संचालित है। उन्होंने बताया कि नई नियुक्तियां MIC के निर्देश पर हुई हैं।पुराने कर्मचारियों ने बकाया मानदेय का भुगतान करने और उन्हें पुनः काम पर रखने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *