न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त रनिगंज। रानिगंज में डकैती की कथित साजिश को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने विफल कर दिया। पंजाबी मोड़ फाड़ी की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमरसुता मोड़ इलाके से मारुति वैन में सवार चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से आग्नेयास्त्र, कारतूस, धारदार हथियार समेत कई सामान बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार बुधवार रात थाना प्रभारी नाजिमुल हुदा को सूचना मिली थी कि अमरसुता मोड़ के पास एक मारुति वैन में कुछ युवक बैठकर कथित तौर पर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी और संदिग्ध वाहन को रोककर उसमें मौजूद चारों लोगों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताज खान (19), अजहरुद्दीन (30), शेख अलाउद्दीन (23) और शेख हसन (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी बीरभूम जिले के दुबराजपुर और कांकुरतला इलाके के रहने वाले हैं।तलाशी के दौरान पुलिस ने एक आग्नेयास्त्र, एक जिंदा कारतूस, दो धारदार हथियार, लोहे काटने का उपकरण, एक लोहे की रॉड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस का मानना है कि बरामद सामानों की प्रकृति को देखते हुए आरोपियों की गतिविधियों की गहनता से जांच जरूरी है।गिरफ्तार चारों आरोपियों को गुरुवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर किस स्थान पर डकैती की योजना बनाई जा रही थी और इस गिरोह से और कितने लोग जुड़े हो सकते हैं।मामले को लेकर रनिगंज थाने में पत्रकार वार्ता भी आयोजित की गई। इसमें थाना प्रभारी सुबीर कर्मकार, पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी नाजिमुल हुदा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अपराध रोकने के लिए गुप्त सूचनाओं के आधार पर निगरानी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डकैती से पहले पुलिस ने कसा शिकंजा, रानिगंज में हथियारों के साथ चार गिरफ्तार

