न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त रूपनारायणपुर। पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में बच्चों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की क्षमताओं को समझने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। डर्मेटोग्लिफिक्स मल्टीपल इंटेलिजेंस टेस्ट पर आधारित डर्मेटोग्लिफिक्स मल्टीपल इंटेलिजेंस केंद्र का उद्घाटन शुक्रवार को बाराबनी के विधायक अरिजीत राय ने किया। यह सेंटर एस3एम सल्यूशन कंसल्टेंसी की पहल पर शुरू किया गया है।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सेंटर के सलाहकार सुभाषिस मुखर्जी ने डीएमआईटी की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और संभावित उपयोगिता को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इस माध्यम से व्यक्ति की विभिन्न क्षमताओं और रुचियों को समझने का प्रयास किया जाता है, जिससे बच्चों की शिक्षा, करियर चयन तथा अभिभावकों के मार्गदर्शन में मदद मिल सकती है।प्रस्तुति और संबोधन के बाद विधायक अरिजीत राय ने पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों और परिवारों को केवल ज्योतिषीय मान्यताओं पर निर्भर रहने के बजाय वैज्ञानिक सोच और क्षमता आधारित आकलन जैसे विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से जागरूक अभिभावकों से इस तरह की पहल को समझने और बच्चों के भविष्य को लेकर उचित निर्णय लेने की अपील की।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी डीएमआईटी को लेकर काफी उत्सुकता दिखाई। दर्शकों ने सेंटर की प्रक्रिया, बच्चों के लिए इसकी उपयोगिता और परामर्श से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछे। सलाहकार सुभाषिस मुखर्जी के साथ उनकी टीम के सदस्य पार्थो दास, चंदन माजी और राजा मुखर्जी ने उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का जवाब दिया।कार्यक्रम के अंत में सेंटर के संपर्क नंबर, कार्यालय का स्थान और परामर्श के समय की जानकारी साझा की गई। उपस्थित लोगों ने इस नई पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों और अभिभावकों के लिए उपयोगी प्रयास बताया। विधायक समेत कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एस3एम सल्यूशन कंसल्टेंसी के इस प्रोजेक्ट की प्रशंसा की।
ज्योतिष नहीं, बच्चों की क्षमता पहचानने पर जोर: बाराबनी विधायक ने किया डीएमआईटी सेंटर का उद्घाटन

