रक्षाबंधन पर डीएन हाई स्कूल में गूंजा संरक्षण का संदेश, विद्यार्थियों ने बांधा भाईचारे का रक्षा सूत्र

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 अगस्त जामताड़ा। स्थानीय डीएन हाई स्कूल में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पारंपरिक उल्लास और सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान जहां विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक राखियां तैयार कीं, वहीं विद्यालय प्रबंधन ने रक्षाबंधन के व्यापक अर्थ से बच्चों को रूबरू कराया।पर्व के अवसर पर आयोजित राखी बनाओ प्रतियोगिता में करीब 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्रियों से सुंदर राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिता में राजीव हेमब्रम ने प्रथम, प्रेम दत्ता ने द्वितीय और लिपिक कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को विद्यालय की ओर से नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। कक्षा सात और दस की छात्राओं ने रक्षाबंधन से जुड़े गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवी बना दिया। इसके बाद पर्व की परंपराओं पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।विद्यालय के निदेशक प्रदीप भैया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रक्षाबंधन की धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक परंपराओं की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न पुराणों में वर्णित रक्षा सूत्र की परंपरा के साथ माता लक्ष्मी-राजा बलि और इंद्राणी-इंद्र के प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने महारानी कर्णावती द्वारा हुमायूं को राखी भेजे जाने की ऐतिहासिक घटना भी साझा की।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण, जलस्रोतों की सुरक्षा और पर्यावरण बचाने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही ज्ञान और भविष्य का मार्ग दिखाने वाले शिक्षकों के सम्मान एवं गरिमा की रक्षा करना भी उनकी जिम्मेदारी है।कार्यक्रम का समापन जितेन कुमार पाल के संबोधन से हुआ। आयोजन की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *