अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से भड़का आक्रोश, सलानपुर बीडीओ कार्यालय में हंगामा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त सलानपुर। अन्नपूर्णा योजना की आर्थिक सहायता नहीं मिलने को लेकर महिलाओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायत लेकर सलानपुर बीडीओ कार्यालय पहुंचीं। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाएं अचानक बीडीओ कार्यालय की पहली मंजिल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पहुंच गईं। योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज महिलाओं ने वहां रखी कुर्सियों को इधर-उधर कर दिया। इस दौरान कार्यालय में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। कर्मचारियों और अन्य लोगों में भी अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई।घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस टीम तत्काल बीडीओ कार्यालय पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित महिलाओं से बातचीत कर पूरे मामले को समझने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।पुलिस की ओर से महिलाओं को बताया गया कि जिन लाभार्थियों के आवेदन किसी कारणवश रद्द हो गए हैं या जिनके आवेदन अभी प्रक्रियाधीन हैं, वे निर्धारित नियमों के तहत दोबारा आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पात्र लाभार्थी अपनी समस्या को लेकर संबंधित विभाग में शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।पुलिस के इस आश्वासन के बाद महिलाओं का आक्रोश शांत हुआ और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई। हालांकि, योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर लाभार्थियों में नाराजगी बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए आवेदन करने के बावजूद कई लोगों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की वास्तविक स्थिति और लंबित आवेदनों की जांच किए जाने की मांग भी उठ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *