“नशे को कहें ना, भविष्य को कहें हां” — नियामतपुर फांड़ी की पहल, युवाओं को नशे के खिलाफ किया जागरूक

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त कुल्टी। युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के उद्देश्य से नियामतपुर फांड़ी पुलिस की ओर से विशेष मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान “नशे को ना कहें, भविष्य को हां कहें” संदेश के साथ लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में कुल्टी एसीपी जावेद हुसैन तथा कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिन्हा महापात्र मौजूद रहे। इसके अलावा आसपास के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। समाजसेवी सुनील सरकार, सुनील भर तथा टिंकू वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने पर जोर दिया। बताया गया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर भी गंभीर असर डालता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, लेकिन केवल पुलिस की कार्रवाई से नशे की समस्या का पूरी तरह समाधान संभव नहीं है। इसके लिए परिवार, स्कूल, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने की अपील की। उपस्थित लोगों ने भी स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *