जामताड़ा में राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा लगाने की उठी मांग, चैंबर अध्यक्ष ने सरकार से की पहल की अपील

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 अगस्त जामताड़ा। शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाएं जहां उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने का काम करती हैं, वहीं अब जामताड़ा के राज परिवार के जनहितकारी योगदान को सम्मान देने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने स्वर्गीय राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा जामताड़ा नगर में स्थापित करने की मांग उठाई है।संजय अग्रवाल ने कहा कि जामताड़ा के सामाजिक और विकासात्मक इतिहास में राज परिवार की भूमिका उल्लेखनीय रही है। उनके अनुसार, राज परिवार ने जनहित से जुड़े कार्यों के लिए राज्य सरकार को भूमि उपलब्ध कराई थी, जिसका लाभ आज भी क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।उन्होंने कहा कि स्टेशन रोड स्थित राजा जंग बहादुर प्लस टू विद्यालय और इंदिरा चौक स्थित सदर अस्पताल इसके महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। दोनों संस्थान आज भी हजारों लोगों की जरूरतों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में इन जनकल्याणकारी कार्यों के पीछे रहे योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलना चाहिए।चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड गठन के बाद अब समय आ गया है कि जामताड़ा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय राजा जंग बहादुर सिंह की स्मृति को स्थायी रूप दिया जाए। नगर में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से लोगों को उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार दुबे से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया कि जिला प्रशासन उपयुक्त स्थल का चयन कर प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया शुरू करे।संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रतिमाएं केवल स्मृति-चिह्न नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास और समाजसेवा से परिचित कराने का माध्यम भी होती हैं। राजा जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित होने से उनके योगदान को उचित सम्मान मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *