पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, कल्याणेश्वरी में होटल संचालकों को दिए जरूरी निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 अगस्त कुल्टी/सालानपुर। पर्यटन स्थल कल्याणेश्वरी में पर्यटकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शनिवार को कल्याणेश्वरी में होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों के साथ पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य होटल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाना था।कुल्टी के सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कुल्टी और सालानपुर क्षेत्र के विभिन्न होटल व लॉज के मालिक तथा प्रबंधक शामिल हुए। इस दौरान कुल्टी के एसीपी जावेद हुसैन, सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल, चौरंगी फांड़ी प्रभारी तरुणमय सिंह और कल्याणेश्वरी फांड़ी प्रभारी पार्थ सरकार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने होटल संचालकों को सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिग युवक-युवतियों के होटल में ठहरने अथवा प्रवेश के मामलों में POCSO कानून का पूरी तरह पालन करना होगा। साथ ही प्रत्येक होटल में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और समय-समय पर उनकी जांच व रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।पुलिस ने मेहमानों की निजी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया। दूसरे राज्यों और सीमावर्ती इलाकों से आने वाले लोगों की पहचान की अच्छी तरह जांच कर आधार कार्ड समेत वैध दस्तावेजों का रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया गया।एसीपी जावेद हुसैन ने कहा कि होटल व्यवसाय संचालित करते समय सभी कानूनी और सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। पर्यटकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *