न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 23 अगस्त जामताड़ा। थानारडीह गांव में धार्मिक टिप्पणी को लेकर उत्पन्न तनाव के बाद प्रशासन ने स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए रविवार को कर्माटांड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने सभी से संयम बरतने, अफवाहों से दूर रहने और क्षेत्र में आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।दरअसल, 21 अगस्त को कुरुवा साप्ताहिक हटिया से धार्मिक टिप्पणी से संबंधित एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में शिकायत के आधार पर कर्माटांड़ पुलिस ने अफरोज आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके बाद वायरल वीडियो को लेकर थानारडीह निवासी भूदेव महतो की कथित सोशल मीडिया टिप्पणी सामने आई। शनिवार रात बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंच गए और मकान को घेर लिया। इस दौरान कथित तोड़फोड़ तथा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की भी सूचना मिली।सूचना पर थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ पहुंचे और भूदेव महतो को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ वसीम रज़ा, एसडीओ अनंत कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और अंचल अधिकारी चुनाराम हेंब्रम समेत अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली टिप्पणी अथवा कानून हाथ में लेकर हिंसा करने की कोशिश, दोनों ही मामलों में कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ वसीम रज़ा ने कहा कि पुलिस वाहन में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की घटना को गंभीरता से लिया गया है तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी।बैठक में स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए लोगों से विवाद को बढ़ाने के बजाय कानून पर भरोसा रखने की अपील की। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है।
तनाव के बाद शांति की पहल: कर्माटांड़ थाना परिसर में जुटे दोनों समुदाय, सौहार्द बनाए रखने पर बनी सहमति

