जामताड़ा में सौर क्रांति की नई शुरुआत: ‘पीएम सूर्य घर योजना’ को बढ़ावा देने के लिए खुला सोलर सुविधा केंद्र

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 23 जून 2026 जामताड़ा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को जमीनी स्तर पर गति देने की दिशा में मंगलवार को जामताड़ा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। ब्लॉक रोड स्थित नए सोलर सुविधा केंद्र का उद्घाटन बिजली विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया गया। यह केंद्र मेटाज़ सर्विसेज एंड टेक्नोलॉजीस प्राइवेट लिमिटेड और अस्टोविजन करियर सोलूशन्स प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य जिले के लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और उन्हें योजना का लाभ दिलाना है।उद्घाटन समारोह में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद, इलेक्ट्रिक सप्लाई सर्किल के मैनेजिंग डायरेक्टर सरवर खान सहित अन्य अधिकारियों ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरवर खान ने कहा कि सौर ऊर्जा आने वाले समय की सबसे भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि सूर्य से प्राप्त होने वाली ऊर्जा असीमित है और इसका उपयोग बढ़ने से बिजली उत्पादन के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी से सोलर पैनल लगाने की लागत काफी घट गई है, जिससे आम परिवार भी आसानी से इस तकनीक को अपना सकते हैं।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कंपनी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। आसान ऋण और जीरो डाउन पेमेंट जैसी योजनाओं के माध्यम से अब लोगों को शुरुआती निवेश की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। इससे निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए भी सोलर पैनल लगवाना अधिक सरल हो जाएगा।कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर योजना’ का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग तेजी से बढ़ती है, जिससे विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। यदि अधिक लोग अपने घरों में सोलर सिस्टम स्थापित करेंगे तो बिजली की खपत घटेगी और आपूर्ति व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ होगी।उन्होंने लोगों से योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर लाभ उठाने की अपील की। समारोह में ताहिर अंसारी, तैयब अंसारी, हरीश अंसारी, मोहम्मद मोफिज, कमरुद्दीन अंसारी, अजय मेहता, विकास यादव, इकराम अंसारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने सौर ऊर्जा को आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी कदम बताते हुए इसके व्यापक उपयोग का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *