राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हथियार के बल पर बाइक लूट, तीन नकाबपोश अपराधियों ने युवक को बनाया निशाना

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त रानीगंज। रानीगंज के पंजाबी मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हथियार के बल पर मोटरसाइकिल लूटे जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। रात के समय हुई इस वारदात में तीन नकाबपोश युवकों ने कथित तौर पर एक बाइक सवार को रोककर उसके सिर पर रिवॉल्वर तान दी और उसकी पल्सर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने रानीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।बताया गया कि दुर्गापुर के स्टील टाउनशिप निवासी संजीव नायक 21 अगस्त को काम के सिलसिले में पुरुलिया गए थे। वह दुर्गापुर से पल्सर बाइक लेकर आसनसोल पहुंचे थे। यहां बाइक को एक पार्किंग स्थल पर खड़ा करने के बाद ट्रेन से पुरुलिया रवाना हुए। काम पूरा करने के बाद रात में आसनसोल लौटे और अपनी मोटरसाइकिल लेकर दुर्गापुर स्थित घर के लिए निकल पड़े।पीड़ित के अनुसार, रात करीब नौ बजे जब वह पंजाबी मोड़ के पास एनएच-19 पर पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। तीनों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। आरोप है कि युवकों ने हथियार निकालकर उन्हें धमकाया और सिर पर रिवॉल्वर सटा दी। भयभीत संजीव के सामने ही अपराधी उनकी पल्सर बाइक लेकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित किसी तरह रानीगंज थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह हथियार दिखाकर लूट की घटना होना बेहद चिंताजनक है।शिकायत मिलने के बाद रानीगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों की पहचान और लूटी गई बाइक की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। घटना ने रात के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *