न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अगस्त चित्तरंजन। चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) में कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा गोपनीय दस्तावेजों की मोबाइल से तस्वीर खींचे जाने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद कारखाना परिसर में चर्चा का माहौल बन गया। वायरल खबर में एक व्यक्ति को आरपीएफ द्वारा हिरासत में लिए जाने और उससे पूछताछ किए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, कारखाने की ओर से इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है।सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर के मुताबिक, रूपनारायणपुर पश्चिम रांगामाटिया निवासी असित दास नामक व्यक्ति पर वर्क्स कार्यालय के एक अधिकारी की गैरमौजूदगी में उनके चैंबर में प्रवेश कर फाइलों में रखे कथित संवेदनशील दस्तावेजों की मोबाइल से तस्वीर लेने का आरोप लगाया गया। खबर में यह भी दावा किया गया कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ मौके पर पहुंची और व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।वायरल खबर में आगे मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी जांच किए जाने तथा यह पता लगाने की बात कही गई है कि कथित तौर पर खींची गई तस्वीरें कहीं अन्य स्थान पर भेजी गई थीं या नहीं। इसके अलावा मामले में कानूनी कार्रवाई किए जाने का भी दावा किया गया है।हालांकि, इन दावों के बीच मेन शॉप इंस्पेक्टर इंचार्ज पंकज कुमार ने घटना को पूरी तरह निराधार बताया है। फोन पर संपर्क किए जाने पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “ऐसा कुछ नहीं हुआ है।”पंकज कुमार के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर की सत्यता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल कथित घटना से संबंधित दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में आधिकारिक स्तर से स्पष्ट जानकारी सामने आने तक वायरल खबर को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। हालांकि न्यूज 61 लाइव इस खबर की पुष्टि नहीं करता है यदि इस खबर में आगे कोई जानकारी मिलती है तो न्यूज 61 लाइव के साथ बने रहिए।
सोशल मीडिया पर CLW में गुप्त दस्तावेजों की तस्वीर लेने की खबर वायरल, मेन शॉप इंस्पेक्टर इंचार्ज पंकज कुमार ने कहा—“ऐसा कुछ नहीं हुआ”

