चुरुलिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाइपगन और 12 कारतूस बरामद; युवक गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त जामुड़िया। अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के दौरान जामुड़िया थाना पुलिस को एक और सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार देर रात चुरुलिया गांव में छापेमारी कर एक देशी पाइपगन और 12 राउंड कारतूस बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार रात सूचना मिली थी कि चुरुलिया निवासी आस्तिक बाउरी के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद जामुड़िया थाना पुलिस की टीम ने देर रात उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से एक देशी निर्मित पाइपगन और 12 कारतूस बरामद किए गए।हथियार और कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने मौके से ही आस्तिक बाउरी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार और कारतूस कहां से पहुंचे। इसके साथ ही हथियार रखने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है।पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गैरकानूनी हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।गिरफ्तार आरोपी आस्तिक बाउरी को सोमवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *