न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त बर्नपुर। चुनाव के बाद संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वसूली या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा। बर्नपुर स्थित भारती भवन में मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने को प्राथमिकता देने की बात कही।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि चुनाव के बाद बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक नहीं हो सकी थी। अब क्षेत्रवार समस्याओं की जानकारी जुटाकर उनके समाधान की दिशा में काम शुरू किया गया है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं का ब्यौरा तैयार करने को कहा। अन्नपूर्णा योजना का लाभ किसे मिला और कौन इससे वंचित है, पेयजल की स्थिति, खराब सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट के अलावा स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों की सेवाओं की जानकारी जुटाकर प्रशासन तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पानी, कचरा, जल निकासी और सड़क जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अस्पताल, थाना और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकारियों के संपर्क नंबर भी लोगों तक पहुंचाए जाने चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर नागरिक सीधे संबंधित विभाग से संपर्क कर सकें।वहीं बैठक में अवैध गतिविधियों को लेकर विधायक ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि कोई कार्यकर्ता तोलाबाजी, अवैध निर्माण, जलाशय भरने, बिना लाइसेंस लॉज-होटल चलाने या फायर लाइसेंस के बिना गोदाम संचालित करने में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। आरोप साबित होने पर पार्टी से निष्कासन तक की कार्रवाई की जा सकती है।उन्होंने ऐसे रास्तों और गलियों की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की, जहां एंबुलेंस या दमकल वाहन पहुंचने में परेशानी होती है। विधायक ने कहा कि सरकार, संगठन और जनता के समन्वय से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।
वसूली और अवैध धंधों पर भाजपा विधायक की दो टूक, अग्निमित्रा पॉल बोलीं- दोषी कार्यकर्ता को नहीं मिलेगा संरक्षण

