जागरूक युवा, सशक्त समाज: जे.जे.एस. कॉलेज में लीगल एंपावरमेंट कैंप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 अगस्त मिहिजाम। युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनजातीय संध्या (डिग्री) महाविद्यालय, मिहिजाम में लीगल एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में जागृति योजना 2025 के तहत आयोजित कार्यक्रम की थीम “सशक्त युवा, सशक्त भारत” रही।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य कृष्ण मोहन साह ने की, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के सचिव पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब वे शिक्षा और रोजगार के साथ अपने कानूनी अधिकारों तथा जिम्मेदारियों से भी परिचित हों। उन्होंने अन्याय, शोषण या किसी कानूनी समस्या की स्थिति में विधिक सहायता लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।सत्र के दौरान बाल विवाह, बाल मजदूरी, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और कानून के पालन में सहयोग करने की अपील की गई।डिप्टी चीफ, एलएडीसी उत्तम कुमार ने पॉक्सो अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा यह कानून लड़कियों के साथ-साथ लड़कों पर भी समान रूप से लागू होता है। उन्होंने गुड टच-बैड टच और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जागरूक किया।इस अवसर पर विद्यार्थियों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पीएलवी अल्ताफ अंसारी, अंकिता देवी, रिफा खातून और मेघा गुप्ता सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *