न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 सितंबर जामताड़ा। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर शनिवार को मासिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। बैठक में शहर की मौजूदा समस्याओं, लंबित योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही सभी पार्षदों ने आपसी तालमेल के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों की लंबित तीसरी और चौथी किस्त के भुगतान का मामला प्रमुखता से उठा। अध्यक्ष ने कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिले, इसके लिए लंबित मामलों के निपटारे की पहल की जाएगी। इसके अलावा नए लाभुकों के आवास चयन की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।त्योहारों को देखते हुए नगर क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया। गणेश पूजा, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान सभी वार्डों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने के साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।अध्यक्ष ने बताया कि 14 सितंबर से गांधी मैदान में गणेश महोत्सव का मेला शुरू होगा, जो करीब दस दिनों तक चलेगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में नियमित सफाई और जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।बैठक में कचरा निस्तारण की समस्या के स्थायी समाधान पर भी विचार किया गया। इसके लिए प्रस्तावित भूमि और आगे की प्रक्रिया को लेकर चर्चा हुई। वहीं, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि विभिन्न विकास योजनाओं के लिए फंड उपलब्ध हो चुका है और जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि नागरिक सुविधाओं में सुधार और लंबित कार्यों को पूरा करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।
जामताड़ा नगर पंचायत की विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, त्योहारों पर रोशनी और सफाई की विशेष तैयारी

