थाईलैंड में योग का परचम लहराकर लौटीं आसनसोल की रुनु विश्वास, अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीता स्वर्ण

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर आसनसोल। परिवार और गृहस्थी की जिम्मेदारियों के बीच अपने हुनर को निखारते हुए आसनसोल की रुनु विश्वास ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। थाईलैंड में आयोजित एशिया पेसिफिक योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रुनु की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ आसनसोल और बंगाल के खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है।आसनसोल के डिपोपाड़ा की रहने वाली रुनु विश्वास ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाते हुए लगातार अभ्यास जारी रखा। उनके पति अपूर्व विश्वास ईसीएल में उच्च पद पर कार्यरत रहे हैं और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं। रुनु का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति की अहम भूमिका रही। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने दोनों प्रशिक्षकों को भी दिया।रुनु का योग सफर स्थानीय प्रतियोगिताओं से शुरू हुआ। शुरुआती मुकाबलों में अनुभव हासिल करने के बाद उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला और पहले ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।रुनु ने बताया कि थाईलैंड रवाना होने से करीब एक सप्ताह पहले तक एक कठिन आसन को लेकर उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। बावजूद इसके उन्होंने अभ्यास नहीं छोड़ा और अंतिम समय तक मेहनत जारी रखी। आखिरकार उन्होंने उस आसन पर भी पूरी पकड़ बना ली और प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर सफलता हासिल की।इस प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल समेत देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। रुनु के मुताबिक बंगाल के कई अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *