न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 25 अगस्त आसनसोल। रोजमर्रा के सामानों की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल में जिला प्रशासन ने अचानक बाजारों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के कई बाजारों में पहुंचकर खाद्य सामग्री की कीमत और बिक्री व्यवस्था का जायजा लिया।अभियान में कृषि विपणन विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग, अतिरिक्त जिलाधिकारी कार्यालय तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने बाजारों में चावल, चीनी, प्याज समेत कई आवश्यक वस्तुओं की मौजूदा कीमतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने थोक और खुदरा बाजार में सामानों के मूल्य में अंतर की भी पड़ताल की।बताया गया कि कुछ जरूरी वस्तुओं की कीमतों में अपेक्षाकृत अधिक बढ़ोतरी सामने आने के बाद प्रशासन ने इसके कारणों को समझने की कोशिश की। कारोबारियों से खरीद और बिक्री से संबंधित जानकारी ली गई। साथ ही यह भी जांच की गई कि कहीं किसी स्तर पर अनावश्यक रूप से कीमत बढ़ाकर ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ तो नहीं डाला जा रहा है।प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हलचल देखने को मिली। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट संदेश दिया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में मनमानी बढ़ोतरी या किसी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि बिना उचित कारण नित्यप्रयोगी वस्तुओं के दाम बढ़ाना स्वीकार्य नहीं है। बाजार में कृत्रिम रूप से कीमत बढ़ाने, गड़बड़ी करने या उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने की शिकायत अथवा प्रमाण मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य बाजार में मूल्य स्थिरता बनाए रखना और आम उपभोक्ताओं को राहत देना है।
महंगाई पर प्रशासन का शिकंजा, आसनसोल के बाजारों में अचानक पहुंची अधिकारियों की टीम

