महंगाई और जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, सालानपुर के बाजारों में संयुक्त टीम की छापेमारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 25 अगस्त आसनसोल/सालानपुर। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी और जमाखोरी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने मंगलवार को सालानपुर क्षेत्र के बाजारों में व्यापक जांच अभियान चलाया। रूपनारायणपुर बाजार और अमलादही बाजार में एसडीओ स्तर की संयुक्त टीम ने दुकानों का निरीक्षण कर वस्तुओं की कीमत, स्टॉक और गुणवत्ता की स्थिति का जायजा लिया।महकमा शासक (एसडीओ) साधन देवनाथ के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन, सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल सहित प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी व जवान शामिल रहे। अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग दुकानों पर पहुंचकर कारोबारियों से आवश्यक वस्तुओं की खरीद-बिक्री और मौजूदा कीमतों की जानकारी ली।जांच के दौरान चावल, चीनी, प्याज, खाद्य तेल, विभिन्न प्रकार की सब्जियों के अलावा मछली और मांस के बाजार भाव की भी पड़ताल की गई। अधिकारियों ने थोक और खुदरा कीमतों के बीच अंतर को विशेष रूप से देखा। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि कहीं किसी वस्तु को जानबूझकर रोककर उसकी कृत्रिम कमी पैदा करने या मनमाने तरीके से कीमत बढ़ाने की कोशिश तो नहीं हो रही है।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कई जरूरी वस्तुओं के दाम में वृद्धि दर्ज की गई है। दुकानदारों से बातचीत कर संबंधित जानकारी और बाजार भाव का विवरण दर्ज किया गया है। संपूर्ण रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखना है। जमाखोरी कर कृत्रिम मूल्यवृद्धि करने वालों को प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजार में किसी भी तरह की अनियमितता को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *