न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 अगस्त सालानपुर। सालानपुर ब्लॉक के सामडी रोड स्थित बागची मोड़ पर गुरुवार को बैटरी फटने से एक टोटो सर्विसिंग दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकान मालिक सुभाष पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, बागची मोड़ पर संचालित ‘मां काली ऑटो सर्विस’ में सुभाष पाल रोज की तरह टोटो की बैटरियों की मरम्मत और सर्विसिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बैटरी जोरदार धमाके के साथ फट गई। विस्फोट इतना तेज था कि सुभाष पाल झटके से दुकान के बाहर जा गिरे। इसके तुरंत बाद दुकान के भीतर आग भड़क उठी।आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि दुकान में रखा बैटरी का स्टॉक, सर्विसिंग के उपकरण, मशीनें, स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान कुछ ही देर में आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही चित्तरंजन और आसनसोल से दमकल की एक-एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान का अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुभाष पाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को बैटरी विस्फोट और आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जरूरी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बैटरी सर्विसिंग दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बैटरी फटते ही धधक उठा टोटो सर्विस सेंटर, दुकान जलकर राख; मालिक गंभीर

