न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 अगस्त सालानपुर। केंद्र और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तथा आम लोगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को सालानपुर में अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। संगठन के सालानपुर ब्लॉक कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।कार्यक्रम की शुरुआत डाबर मोड़ बस स्टैंड से हुई। यहां से किसान सभा के सदस्य पैदल मार्च करते हुए सालानपुर ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। बीडीओ कार्यालय के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन करने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सालानपुर के बीडीओ को 15 सूत्री मांगों वाला ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में सरकारी योजनाओं के सत्यापन में पारदर्शिता, आवेदन खारिज होने पर कारण बताने, गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ एवं लंबित किस्त का भुगतान, हर घर स्वच्छ पेयजल और पाइपलाइन के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग की गई। गरीब परिवारों के राशन कार्ड में आवश्यक सुधार करने की भी मांग उठाई गई।किसान सभा ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वैध नागरिकों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई तथा अवैध पट्टों और जमीन की गैरकानूनी रिकॉर्डिंग पर रोक लगाने की मांग की।इसके अलावा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, कृषि ऋण माफी, संस्थागत बैंक ऋण की सुविधा और महाजनों व माइक्रोफाइनेंस संस्थाओं के कथित शोषण से राहत की मांग रखी गई। बंद कारखानों की जमीन पर नए उद्योग स्थापित करने, मछुआरों को सरकारी सुविधाएं व पेंशन, सरकारी रिक्त पदों पर भर्ती तथा मनरेगा में 200 दिनों का काम और 600 रुपये दैनिक मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही।किसान सभा ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
15 सूत्री मांगों को लेकर सालानपुर में किसान सभा का प्रदर्शन, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

