न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त मिहिजाम। शुक्रवार की रात ढेकीपाड़ा हबीबनगर मोड़ पर आशिके रसूल कॉन्फ्रेंस नौजवान कमिटी की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भव्य जलसे का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा इलाका नात-ए-पाक और तकरीर की आवाजों से गूंज उठा। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।जलसे में गांव के खतीबे इमाम मौलाना ग्यासुद्दीन अंसारी ने अपनी तकरीर के माध्यम से लोगों को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं, भाईचारे, अमन और इंसानियत के संदेश को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। वहीं मौलाना शमशेर आलम ने भी धार्मिक और सामाजिक संदेशों के माध्यम से उपस्थित लोगों को संबोधित किया।कार्यक्रम में मधुपुर से पहुंचे मशहूर नातख्वां गुलाम रजा मधुपुरी ने अपनी दिलकश आवाज में नात-ए-शरीफ पेश कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं धनबाद से तशरीफ लाए हजरत हाफिज अफजल हुसैन गजाली ने नात-ए-पाक और प्रभावशाली तकरीर से देर रात तक लोगों को बांधे रखा। उनकी बातों को लोगों ने गंभीरता से सुना और आयोजन स्थल पर बार-बार वाहवाही की गूंज सुनाई दी।जश्ने ईद मिलादुन्नबी में आसपास के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य संस्थापक मोहम्मद एजाज अंसारी, हाजी इमरान अंसारी, सफारुद्दीन अंसारी, आयूब अंसारी, कुतुबुद्दीन अंसारी, नजीब अंसारी, सामिन अंसारी, फजलूल अंसारी, हसनैन अंसारी और मंसूर अंसारी समेत मोहल्ले के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमिटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों के सामूहिक सहयोग, योगदान एवं अथक मेहनत से पूरी महफिल को आकर्षक ढंग से सजाया गया।आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में प्रेम, सौहार्द, भाईचारा और इंसानियत का संदेश फैलाना है।
ढेकीपाड़ा में गूंजा नात-ए-पाक, जश्ने ईद मिलादुन्नबी में उमड़ा आस्था का सैलाब

