स्वाइन फ्लू को लेकर झारखंड अलर्ट मोड में, अस्पतालों में 10 अतिरिक्त बेड रहेंगे रिजर्व

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त रांची। राज्य में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू की संभावित स्थिति को देखते हुए झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सतर्क कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को राज्यभर में संक्रमण से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षक व प्राचार्य तथा जिला सर्विलेंस अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि संभावित मरीजों की पहचान, जांच, इलाज और निगरानी की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गंभीर मरीजों के लिए समय पर रेफरल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी मजबूत रखने को कहा गया।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है और संभावित मामलों से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। मंत्री ने अपर मुख्य सचिव अजय कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न जिलों के सिविल सर्जनों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली।सभी जिलों में Influenza Like Illness (ILI) तथा Severe Acute Respiratory Infection (SARI) के मरीजों की निगरानी और रिपोर्टिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। संदिग्ध अथवा गंभीर मामलों की सूचना तत्काल विभाग को देने को कहा गया है।RIMS रांची, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में 10 अतिरिक्त बेड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ऑक्सीजन, दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, जांच सुविधा तथा ICU/HDU की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी या सांस संबंधी परेशानी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि चिकित्सकीय सलाह लें और खुद से दवा लेने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *