न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अगस्त जामताड़ा। करमाटांड़ में दिनदहाड़े महिला से मोबाइल छिनतई कर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। वारदात के बाद शुरू हुई पुलिसिया जांच का सिलसिला मिशन चौक तक पहुंचा, जहां वाहन जांच के दौरान पुलिस ने काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। उनके पास से महिला से छीना गया मोबाइल सहित दो स्मार्टफोन बरामद किए गए। रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर एसडीपीओ जामताड़ा वसीम रजा ने पूरे मामले की जानकारी दी।एसडीपीओ ने बताया कि 27 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे शांतिनगर निवासी मोनिका कुमारी से दो युवकों ने पल्सर बाइक से पहुंचकर मोबाइल झपट लिया था। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 67/26 दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी मिली। इसी आधार पर मिशन चौक के समीप वाहन जांच तेज की गई। इसी दौरान बाइक संख्या JH21M3828 पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी में दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में एक मोबाइल घटना में छीना गया पाया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह, पिता सुनील सिंह और दिनेश दास, पिता नरेश दास, दोनों निवासी पियरसोल, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने छिनतई की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अनुसंधान में इनके द्वारा पूर्व में भी मोबाइल छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रियलमी और सैमसंग के दो स्मार्टफोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई में करमाटांड़ थाना पुलिस की टीम शामिल रही।
करमाटांड़ में मोबाइल झपटकर भाग रहे थे दो युवक, मिशन चौक पर पुलिस ने दबोचा

