जंगल में बैठकर YONO के नाम पर बिछा रहे थे ठगी का जाल, पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को दबोचा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पलास जंगल में छापेमारी कर चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन, दस सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई की जानकारी पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा वसीम रजा ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को YONO App शुरू कराने और बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर फोन करते थे। बातचीत के दौरान पीड़ितों को व्हाट्सऐप अथवा स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने के लिए तैयार किया जाता था। इसके बाद मोबाइल की स्क्रीन अपने नियंत्रण में लेकर बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल की जाती थीं। पुलिस का दावा है कि आरोपी YONO का यूजर आईडी और पासवर्ड तैयार कराने के नाम पर OTP भी हासिल कर लेते थे और फिर नेट बैंकिंग के माध्यम से खातों से रकम निकाल लेते थे।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूक अंसारी (25), समसुद्दीन अंसारी (30), जानी बाबु (22) और कलीम अंसारी (24) के रूप में हुई है। फारूक जामताड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपियों का संपर्क देश के विभिन्न राज्यों में फैले साइबर ठगी के नेटवर्क से था। इनके मोबाइल और सिम की तकनीकी जांच के जरिए पुलिस अब ठगी के पुराने मामलों तथा गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।मामले को लेकर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 53/26, दिनांक 29 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। BNS, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।एसपी के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित साइबर थाना और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *