विधायक जयराम महतो के कथित दुर्व्यवहार पर पुलिसकर्मियों में उबाल, आईआरबी-01 ने आंदोलन को दिया समर्थन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अगस्त जामताड़ा। डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा लिए गए आंदोलनात्मक रुख का असर अब जामताड़ा स्थित आईआरबी-01 शाखा में भी देखने को मिल रहा है। पुलिस एसोसिएशन, आईआरबी-01 जामताड़ा ने विधायक के कथित अमर्यादित व्यवहार पर कड़ा ऐतराज जताते हुए केंद्रीय संगठन के फैसले के साथ खड़े रहने की घोषणा की है।आईआरबी-01 पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष नंद किशोर यादव और सचिव सुदेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में 21 अगस्त 2026 की रात की घटना का उल्लेख किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए बरवाअड्डा थाना प्रभारी पु०अ०नि० रवि कुमार से कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और उन्हें धमकी दी।एसोसिएशन का आरोप है कि इसी घटनाक्रम के बाद विधायक देर रात अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के कार्यालय में भी कथित रूप से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया। विज्ञप्ति में यह भी आरोप लगाया गया है कि विधायक के समर्थकों ने कार्यालय की मेज पर रखे सामान को अस्त-व्यस्त किया तथा नाम पट्टिका को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज होने की बात भी कही गई है।पुलिस एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से पुलिसकर्मियों के प्रति लगातार आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि इस तरह के कथित व्यवहार से पुलिसकर्मियों के सम्मान और मनोबल पर प्रतिकूल असर पड़ता है।एसोसिएशन ने कहा कि जनप्रतिनिधि संवैधानिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, इसलिए उनसे मर्यादित एवं सम्मानजनक आचरण की अपेक्षा की जाती है। आईआरबी-01 के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय एसोसिएशन भविष्य में जो भी आंदोलनात्मक निर्णय लेगा, उसका वे पूरी मजबूती से समर्थन करेंगे।नोट: खबर में विधायक जयराम महतो के संबंध में लगाए गए आरोप पुलिस एसोसिएशन की प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित हैं। विधायक या उनके प्रतिनिधि का पक्ष इस सामग्री में उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *