जामताड़ा के सरकारी स्कूलों में अब डिजिटल क्लास से होगी पढ़ाई, ‘प्रोजेक्ट प्रज्ञान’ की शुरुआत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अगस्त जामताड़ा। जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। सोमवार को संयुक्त सहकारिता भवन, जामताड़ा से ‘प्रोजेक्ट प्रज्ञान’ के तहत विशेष ऑनलाइन कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने रिबन काटकर किया।इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करते हुए विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल माध्यम से जिले के दूरदराज के विद्यालयों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के साथ विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिकता है।प्रोजेक्ट के तहत गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र समेत अन्य विषयों की कक्षाएं निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी। ऑनलाइन कक्षाओं का प्रसारण संयुक्त सहकारिता भवन स्थित स्टूडियो से किया जाएगा। विद्यालयों और विद्यार्थियों को यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध कराया गया है। छात्र ICT लैब, प्रोजेक्टर, साइबर कैफे अथवा घर से भी इन कक्षाओं का लाभ ले सकेंगे।कक्षाएं प्रतिदिन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी। कक्षा 10वीं की पढ़ाई सुबह 9:30 से 11:20 बजे तक, जबकि कक्षा 12वीं की कक्षाएं 11:30 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक आयोजित होंगी। शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में ICT इंस्ट्रक्टर तकनीकी एवं संचालन संबंधी सहयोग देंगे।उपायुक्त ने बताया कि केवल ऑनलाइन पढ़ाई तक ही यह योजना सीमित नहीं रहेगी। शिक्षक समय-समय पर विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन करेंगे। प्रत्येक विद्यालय में नोडल पदाधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे, जो मासिक निरीक्षण के बाद रिपोर्ट देंगे। अगले तीन से साढ़े तीन महीने में पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ रिवीजन और टेस्ट पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने प्रोजेक्ट प्रज्ञान के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, जिला सहकारिता पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *