हाईवे पर मौत का कहर: कंटेनर की टक्कर से 60 वर्षीय ग्रामीण की गई जान, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अगस्त जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना खरखोकुंडी गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से ग्रामीण हेमन रजक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।जानकारी के अनुसार, खरखोकुंडी निवासी हेमन रजक अपनी गाय को मैदान में खूंटे से बांधने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पार करते अथवा सड़क किनारे से गुजरते समय तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेमन रजक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।दुर्घटना की खबर गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद लोगों ने गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया। सड़क जाम होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।सूचना मिलने पर नारायणपुर के बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।इधर, हादसे के बाद ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को अपने साथ गांव की ओर ले गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर रहे थे, ताकि विवाद को शांत कर सड़क पर यातायात बहाल कराया जा सके। घटना के बाद गांव में शोक के साथ तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *