न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 सितंबर रूपनारायणपुर। DAV स्कूल के प्राचार्य पद पर रहते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ मजबूत आत्मीय संबंध बनाने वाली डॉ. पूनम सिंह का स्थानांतरण ओडिशा के एक DAV विद्यालय में हो गया है। स्थानांतरण की जानकारी साझा करते हुए उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति भावुक संदेश जारी किया। उनके संदेश के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच विदाई और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।डॉ. पूनम सिंह ने कहा कि विद्यालय में बिताया गया समय उनके लिए बेहद यादगार और सीख से भरपूर रहा। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ मिलकर एक टीम की तरह काम करने, चुनौतियों का सामना करने और विभिन्न उपलब्धियों को साझा करने को अपने कार्यकाल की महत्वपूर्ण स्मृतियां बताया। उन्होंने कहा कि इस सफर में मिले स्नेह, सहयोग और विश्वास को वह हमेशा अपने साथ संजोकर रखेंगी।उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि स्थानांतरण के बाद भी उनका मार्गदर्शन और सहयोग जारी रहेगा। पढ़ाई, करियर से जुड़े फैसलों अथवा किसी अन्य शैक्षणिक मार्गदर्शन की जरूरत होने पर विद्यार्थी उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अपना व्यक्तिगत व्हाट्सऐप नंबर 9166078355 भी साझा किया और छात्रों से बेझिझक संपर्क करने की अपील की।अपने संदेश में प्राचार्या ने कहा कि विद्यालय और शहर बदल सकते हैं, लेकिन प्रेम, विश्वास और सम्मान से बने रिश्ते समय और दूरी के साथ समाप्त नहीं होते। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, आगे बढ़ने और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।डॉ. पूनम सिंह ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी का सहयोग उनके लिए हमेशा विशेष रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद और शुभेच्छाएं हमेशा उनके साथ रहेंगी।
स्थानांतरण की खबर से भावुक हुआ DAV परिवार, प्राचार्या डॉ. पूनम सिंह ने छात्रों से कहा—रिश्ते कभी खत्म नहीं होते

