न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 3 सितंबर चित्तरंजन। अंतरराष्ट्रीय मंच पर चित्तरंजन की बेटी निवेदिता पांडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और रेलनगरी का नाम रोशन किया है। हैदराबाद में 29 और 30 अगस्त को आयोजित प्रतिष्ठित आईसीएन (I Compete Natural) बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में निवेदिता ने बिकिनी एथलीट वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। देश-विदेश से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच अपनी जगह बनाते हुए उन्होंने फाइनल में तीसरा स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता का आयोजन ऑस्ट्रेलिया की ग्लोबल नेचुरल बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस फेडरेशन ने किया था। यह संस्था पहले INBA के नाम से जानी जाती थी। प्रतियोगिता की खासियत यह है कि इसमें प्राकृतिक और ड्रग-फ्री बॉडी बिल्डिंग को बढ़ावा दिया जाता है तथा खिलाड़ियों के लिए कड़े एंटी-डोपिंग नियम लागू किए जाते हैं।निवेदिता ने बताया कि नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु रहने के दौरान उन्होंने फिटनेस के लिए जिम जाना शुरू किया था। इसी दौरान उनके प्रशिक्षक ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया और नियमित प्रशिक्षण के साथ अपनी डाइट पर भी विशेष ध्यान देना शुरू किया। लंबे समय तक अनुशासित दिनचर्या और कठिन अभ्यास के बाद वह अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं।निवेदिता का कहना है कि चित्तरंजन में पली-बढ़ी होने के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगभग नहीं देखी थी। उनके अनुसार, लड़कियों के सामने कपड़ों और खान-पान को लेकर सामाजिक झिझक जैसी कई बाधाएं होती हैं, लेकिन स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन के लिए फिटनेस बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि उनकी सफलता औद्योगिक क्षेत्र की अन्य युवतियों को भी फिटनेस और खेल के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। निवेदिता के पिता जयप्रकाश पांडे और मां कंकना पांडे भी खेल जगत से जुड़े रहे हैं। माता-पिता की उपलब्धियों और प्रोत्साहन ने उन्हें इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया।
चित्तरंजन की बेटी ने बढ़ाया देश का मान, नेचुरल बॉडी बिल्डिंग में निवेदिता पांडे ने जीता कांस्य

