न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 सितंबर जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शीतलपुर-बिशनपुर गांव के पास गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो मजदूर घायल हो गए। हादसा शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। ट्रैक्टर के अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट जाने से चालक समेत तीनों लोग उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।बताया जाता है कि ट्रैक्टर पर चालक के अलावा दो मजदूर सवार थे। सामान उतारने के बाद सभी ताराबहाल की ओर लौट रहे थे। बिशनपुर के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का बड़ा पहिया चालक के ऊपर जा गिरा।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया। तत्काल साधन उपलब्ध नहीं होने पर घायलों को टोटो से कलाझरिया मुख्य मार्ग तक ले जाया गया। बाद में 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने ताराबहाल निवासी 20 वर्षीय व्यास महतो, पिता श्रवण महतो, को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों का इलाज जारी है। एक घायल के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।व्यास महतो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही ताराबहाल गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, व्यास परिवार का प्रमुख सहारा था।दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर गबड़ा निवासी अमित राय का बताया जा रहा है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत, दो मजदूर घायल; इकलौते बेटे को खोकर बेसुध हुआ परिवार

