न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 सितंबर जामताड़ा। मामा का इलाज कराने के बाद ट्रेन से अपने घर देवघर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की जामताड़ा रेलवे स्टेशन के समीप दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के पास किलोमीटर पोल संख्या 251/27 के समीप की बताई जा रही है। मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, मुन्ना अपने मामा सरभू शर्मा का इलाज कराने के लिए रांची गया था। इलाज के बाद दोनों हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से देवघर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जामताड़ा स्टेशन के पास अचानक मुन्ना ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक के मामा ने बताया कि सुबह के समय मुन्ना उठकर बाथरूम जाने के लिए ट्रेन के गेट की ओर गया था। कुछ देर बाद वह गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया और घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। मधुपुर आरपीएफ की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।बताया गया कि मुन्ना अपने परिवार का बड़ा संतान था। बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना की सूचना गांव में पहुंचने के बाद पूरे बुढ़ई गांव में शोक का माहौल है।
मामा का इलाज कराकर लौट रहा था मुन्ना, चलती ट्रेन से गिरकर 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

