न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 सितंबर मिहिजाम। शिक्षक दिवस के अवसर पर छाता डंगाल, मिहिजाम में मातृ छाया फाउंडेशन की ओर से विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका रंजू झा रहीं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले वर्तमान एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करना तथा उनके अनुभवों और मार्गदर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर समाज की नींव रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों के वर्षों के अनुभव को समाज और युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण धरोहर बताया गया।समारोह में जे.जे.एस. कॉलेज के प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन साह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके अलावा पूर्व शिक्षिकाएं पुष्प चक्रवर्ती और कविता बसु तथा पूर्व शिक्षक बंकिम यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके शैक्षणिक योगदान और समाज के प्रति समर्पण की सराहना की गई।आयोजकों ने सम्मान समारोह के साथ उन शिक्षाविदों तक भी पहुंच बनाने का प्रयास किया, जो किसी कारणवश कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। इसी क्रम में पूर्व प्रोफेसर कैलाश प्रसाद एवं भोला पाठक को उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया गया।मातृ छाया फाउंडेशन की संयोजिका रंजू झा ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक मार्गदर्शक हैं। उनके अनुभवों को सम्मान देना और उनसे सीख लेना ही शिक्षक दिवस की सार्थकता है। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
शिक्षक दिवस पर मातृ छाया फाउंडेशन की अनूठी पहल, सम्मानित हुए शिक्षाविद

