सेवा से संकल्प तक: मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा चलाएगी महीनेभर जनसेवा अभियान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 सितंबर जामताड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा जामताड़ा जिला इकाई ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुद्धूडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। कार्यशाला में प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा एवं जिला प्रभारी प्रदीप साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा को देखते हुए उनके जन्मदिवस को सामाजिक सेवा के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान बूथ से लेकर जिला, प्रदेश और केंद्रीय स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिरों में दीप प्रज्वलन कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ रक्तदान शिविर, मरीजों के बीच फल वितरण, विकसित भारत की थीम पर रंगोली तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के बीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा मोटरसाइकिल यात्रा समेत कई अन्य गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर एक माह तक सेवा कार्यों की श्रृंखला चलाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपील की।जिला प्रभारी प्रदीप साहू ने कहा कि कार्यकर्ताओं में अभियान को लेकर उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के साथ कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया, जबकि सह संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन निमाई सेन ने किया। मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, माधव चंद्र महतो, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, तरुण गुप्ता, कमल गुप्ता, जिला महामंत्री अभय सिंह, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा व दिलीप हेम्ब्रम, कार्यक्रम सह संयोजक आभा आर्या, सुभाष यादव, कुंदन गोस्वामी, सुखेन्द्र टुडू, मितेश साह, प्रिया दत्ता, सूरज झा सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल टोली सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *