राजवाड़ी अंदाज में विराजेंगी उमा, एरिया-5 शारदोत्सव पूजा कमेटी का 76वां दुर्गोत्सव होगा खास

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 सितंबर चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन के एरिया-5 में इस वर्ष दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। एरिया-5 शारदोत्सव पूजा कमेटी अपने 76वें वर्ष में श्रद्धालुओं के लिए भव्य आयोजन करने जा रही है। इस बार पूजा पंडाल का मुख्य आकर्षण ‘राजवाड़ी में उमा’ थीम होगी, जिसे आकर्षक और पारंपरिक राजमहल की शैली में तैयार किया जाएगा।पूजा कमेटी के अनुसार पंडाल निर्माण में फाइबर का विशेष इस्तेमाल किया जाएगा। पंडाल को भव्य रूप देने की जिम्मेदारी कलाकार अभिजीत पिपलाई को दी गई है। पंडाल निर्माण पर करीब 6 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं लाइट एवं साउंड की व्यवस्था पर लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पूजा आयोजन का कुल अनुमानित बजट करीब 12 लाख रुपये रखा गया है।इस वर्ष मां दुर्गा की प्रतिमा भी राजवाड़ी स्वरूप में तैयार की जाएगी। प्रतिमा निर्माण की जिम्मेदारी मूर्तिकार जितेन पाल को दी गई है, जबकि प्रतिमा के लिए करीब 45 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। कमेटी का कहना है कि पंडाल और प्रतिमा का संयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।पूजा के दौरान छोटे मेले का भी आयोजन किया जाएगा। पंचमी के दिन उद्घाटन कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का शुभारंभ होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूजा परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी।पूजा-अर्चना का दायित्व पुरोहित अहिंद मुखर्जी, चित्तरंजन, निभाएंगे। कमेटी में सचिव कुंतल मित्रा, अध्यक्ष एवं वाइस वार्डन एरिया-5 सुरेंद्र कुमार झा, पेट्रोन इन्द्रजीत सिंह, मुख्य सलाहकार नेपाल चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कुमार, कोषाध्यक्ष पिन्टू दे, डेकोरेशन सचिव प्रदीप दास और प्रसाद सचिव संजीव ठाकुर समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।पूजा कमेटी के सचिव ने बताया कि 76वें वर्ष के आयोजन को यादगार बनाने के लिए धार्मिक आस्था, कला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *