शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने का आरोप, बर्नपुर के युवक समेत तीन पर प्राथमिकी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 सितंबर मिहिजाम। शादी का भरोसा देकर युवती के साथ संबंध बनाने और बाद में शादी से कथित तौर पर मुकर जाने का मामला मिहिजाम थाना क्षेत्र में सामने आया है। मामले में युवती की शिकायत पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बर्नपुर निवासी युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस ने फिलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।पुलिस के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई इलाके की रहने वाली युवती ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बर्नपुर शांतिनगर निवासी मानस साव ने उसके साथ शादी करने का वादा किया था। आरोप है कि शादी का विश्वास दिलाकर दोनों के बीच संबंध बने। बाद में युवक द्वारा शादी करने से इनकार करने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मानस साव के अलावा उसके बड़े भाई अजय साव और मामा के बड़े बेटे सिंटू साव को भी आरोपी बनाया है। प्राथमिकी में आरोपियों पर धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।मामले को लेकर मिहिजाम थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी 7 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 318 और 61 के तहत दर्ज की गई। घटना का स्थान कानगोई क्षेत्र बताया गया है।मामले की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश सेठ को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *