100 केवी की जगह मिला 200 केवी ट्रांसफॉर्मर, पियलसोला नीचेपारा में लौटी रोशनी; ग्रामीणों में खुशी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर जामताड़ा। पियलसोला गांव के नीचेपारा टोला में बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। करीब दस दिनों से अंधेरे में डूबे पूरे टोले में अब 200 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है। गुरुवार को कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष दाऊद अंसारी एवं कार्यकारी जिलाध्यक्ष विजय दुबे ने विधिवत रूप से नए ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन किया।ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दस दिनों से टोले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित थी। लगातार बिजली बाधित रहने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई थीं। स्थानीय स्तर पर समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।ग्रामीणों ने बताया कि पहले यहां 100 केवी क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था, लेकिन बिजली की बढ़ती जरूरत और लोड को देखते हुए अधिक क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। काफी प्रयास और मशक्कत के बाद 100 केवी के स्थान पर 200 केवी का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया।ग्रामीणों ने इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि मंत्री के प्रयास से क्षेत्र को अधिक क्षमता वाला ट्रांसफॉर्मर मिल सका है, जिससे भविष्य में बिजली आपूर्ति को लेकर समस्या कम होने की उम्मीद है।नए ट्रांसफॉर्मर के उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे टोले की बिजली व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि अब निर्बाध और पर्याप्त बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *