न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 सितंबर चित्तरंजन। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद मंगलवार को चित्तरंजन में रेलकर्मियों का आंदोलन जोरदार रहा। चित्तरंजन लेबर यूनियन के आह्वान पर जनरल मैनेजर कार्यालय के समक्ष हजारों रेलकर्मियों ने 16 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। बारिश के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय सुबह 10 बजे के बजाय करीब 11 बजे शुरू हुआ, लेकिन कर्मचारियों की मौजूदगी लगातार बढ़ती रही।धरना कार्यक्रम में यूनियन के उपाध्यक्ष चिन्मय गुहा ने विभिन्न मांगों को विस्तार से रखा। अध्यक्ष राम स्वराज चौहान ने चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए कारखाने में आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी.के. भगत ने श्रमिकों से एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। वहीं सीआईटीयू के अखिल भारतीय अध्यक्ष सुदीप दत्त ने श्रमिकों के अधिकारों और बढ़ते शोषण के खिलाफ व्यापक आंदोलन की जरूरत बताई। उन्होंने 1 और 2 दिसंबर को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम की जानकारी दी। साथ ही रेलवे क्षेत्र के लिए सीआईटीयू से संबद्ध Federation of Indian Railway Employees (FIRE) की घोषणा की गई। इसके महासचिव के रूप में चित्तरंजन लेबर यूनियन के महासचिव राजीव गुप्ता का चयन किया गया।इसके बाद यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने जीएम के साथ बैठक कर 16 सूत्री मांगों पर चर्चा की। यूनियन ने बाहर से तैयार लोकोमोटिव खरीदने के बजाय चित्तरंजन कारखाने को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की मांग की। बोनस, स्मार्ट लोकोमोटिव, भर्ती, एचआरए, इंसेंटिव और ठेका श्रमिकों के मुद्दे भी उठे। ठेका कर्मियों को आई-कार्ड देने तथा वेतन, पीएफ और ईएसआई संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने की बात यूनियन ने कही।महिला, युवा, छात्र और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। महासचिव राजीव गुप्ता ने बोनस की सीमा बढ़ाकर 28,440 रुपये करने और एनपीएस-यूपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग दोहराई।यूनियन ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
बारिश में भी नहीं थमा रेलकर्मियों का आक्रोश, 16 सूत्री मांगों पर चित्तरंजन में लेबर यूनियन का जोरदार प्रदर्शन

